छठ महापर्व को लेकर जामताड़ा प्रशासन अलर्ट, 45 घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम

छठ महापर्व को लेकर जामताड़ा प्रशासन अलर्ट, 45 घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजा

 

उपायुक्त आलोक कुमार ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, घाटों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की होगी तैनाती, गहरे पानी में गोताखोर रहेंगे मुस्तैद

 

जामताड़ा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जामताड़ा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होते ही प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिले के सभी चिह्नित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए संबंधित अधिकारियों और नगर निकायों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, पहुंच पथ, बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम जैसी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

जिले के दोनों नगर निकायों और सभी छह प्रखंडों में कुल 45 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं। इनमें जामताड़ा और मिहिजाम नगर क्षेत्र के अलावा करमाटांड़, नारायणपुर, कुंडहित, नाला और फतेहपुर प्रखंड के विभिन्न तालाब एवं नदी घाट शामिल हैं। सभी चिह्नित घाटों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, प्रकाश व्यवस्था तथा घाटों तक जाने वाले रास्तों को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रमुख घाटों पर आवश्यकतानुसार दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। अधिक गहराई वाले तालाबों एवं जलाशयों में बांस और रस्सी से बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी। खतरनाक स्थानों पर लाल झंडी, चेतावनी बोर्ड और सूचना बैनर लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु सावधानी बरत सकें। वहीं, गहरे पानी वाले घाटों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान विशेष रूप से मुस्तैद रहेंगे।

 

नगर निकायों के माध्यम से जामताड़ा और मिहिजाम के कुल 19 शहरी छठ घाटों पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाई जा रही हैं। प्रमुख घाटों पर टैंकर के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था होगी। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा। इसके अलावा छठव्रतियों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए चेंजिंग रूम तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था भी की जा रही है।

 

इधर, झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर ‘रन फॉर स्वच्छ और विकसित झारखंड’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत दौड़ प्रतियोगिता के साथ-साथ छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।

 

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का निर्देश दिया है, ताकि लोक आस्था का यह महापर्व जिलेभर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें