मिहिजाम में खनिज परिवहन पर विभाग का शिकंजा, 800 सीएफटी स्टोन चिप्स लदा वाहन जब्
बिना चालान के हो रहा था खनिज का परिवहन, जांच अभियान में पकड़ा गया वाहन; वैध कागजात वाले वाहनों को मिली छूट
मिहिजाम थाना क्षेत्र में खनिजों के परिवहन को लेकर खनन विभाग ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए बिना वैध चालान के स्टोन चिप्स ले जा रहे एक वाहन को पकड़ लिया। वाहन पर लगभग 800 सीएफटी 10 एमएम स्टोन चिप्स लदा हुआ था। कार्रवाई के बाद वाहन को मिहिजाम पुलिस के हवाले कर दिया गया।
खनन निरीक्षक अजीत कुमार चौधरी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने क्षेत्र में खनिज लदे वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई। इसी क्रम में जेएच 16 एल 7046 नंबर का वाहन जांच के दायरे में आया। कागजातों की जांच के दौरान चालक खनिज परिवहन का वैध चालान नहीं दिखा सका। इसके बाद विभागीय टीम ने वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए मिहिजाम थाना को सौंप दिया।
विभाग की इस कार्रवाई के दौरान सड़क पर खनिज लदे अन्य वाहनों के चालकों में भी हलचल देखी गई। हालांकि, जांच में जिन वाहनों के पास परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मिले, उन्हें बिना किसी रोक-टोक के आगे जाने दिया गया।
खनन निरीक्षक अजीत कुमार चौधरी ने बताया कि बिना वैध चालान के खनिजों का परिवहन नियमों के विरुद्ध है। पकड़े गए वाहन के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।









