SIR 2026 की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश, समय-सीमा में पूरा करना होगा काम

जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 08 नाला सह अपर समाहर्ता, जामताड़ा श्रीमती पूनम कच्छप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में SIR 2026 से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक का आयोजन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आलोक कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश पर किया गया। इस दौरान गणना प्रपत्रों के सत्यापन और सकारण आदेश निर्गत करने की प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में सुनवाई से संबंधित पंजी का नियमित और व्यवस्थित तरीके से संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पेशकर टीमों द्वारा आवश्यक अभिलेखों के उपस्थापन को लेकर आपसी समन्वय स्थापित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी पूनम कच्छप ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को SIR 2026 के तहत सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने और पूरी गंभीरता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।
बैठक के दौरान अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि पुनरीक्षण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुरूप पूरी हों, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, अतिरिक्त सहायक निर्वाची पदाधिकारी एवं संबंधित सहायक निर्वाची पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें