बजराघाट के क्षतिग्रस्त ब्रिज पर आवागमन पूरी तरह बंद, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

बजराघाट के क्षतिग्रस्त ब्रिज पर आवागमन पूरी तरह बंद, जिला प्रशासन ने जारी किया सख्त निर्देश
जामताड़ा। जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत बजराघाट में एनएच-419 पर स्थित क्षतिग्रस्त ब्रिज को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस ब्रिज पर वाहनों और आम लोगों के आवागमन को तत्काल प्रभाव से पूरी तरह प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया गया है।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री आलोक कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से क्षतिग्रस्त ब्रिज पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, धनबाद के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ब्रिज पर किसी भी प्रकार के आवागमन को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत बिरसा चौक सहित एनएच-419 के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लोगों को क्षतिग्रस्त ब्रिज की ओर आवागमन नहीं करने से संबंधित सूचना पट्ट लगाने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा ब्रिज के अप्रोच के निकट स्थायी अवरोधक संरचना स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोका जा सके। प्रशासन ने बिरसा चौक क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार 24×7 यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त बजराघाट ब्रिज की ओर आवागमन न करें। प्रशासन द्वारा लगाए गए सूचना पट्ट और अवरोधकों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षतिग्रस्त ब्रिज की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर यहां आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। लोगों से अपील है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Leave a Comment

और पढ़ें