109765 मतदाताओं को नोटिस जारी, 27489 मामलों की सुनवाई पूरी; उपायुक्त आलोक कुमार ने राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की
जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग की संशोधित समय-सारणी, नोटिसों की सुनवाई और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बताया कि शनिवार, 10 अक्टूबर को जिले के सभी 722 मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप आयोजित किया जाएगा।
बैठक में उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि आयोग की संशोधित समय-सारणी के अनुसार नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से जुड़े प्रथम एवं द्वितीय नोटिस के मामलों का निष्पादन 22 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है। द्वितीय नोटिस के बाद भी दस्तावेज जमा नहीं करने वाले मतदाताओं के सत्यापन सहित अन्य बिना-नोटिस वाले मामलों का निष्पादन 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाएगा। वहीं, प्रपत्र-6, 6A, 7 और 8 से संबंधित दावों एवं आपत्तियों का डिजिटाइजेशन भी 31 अक्टूबर तक किया जाना है।
अन-एनरोल्ड नागरिकों का घर-घर सत्यापन और प्रपत्र-6 का डिजिटाइजेशन 1 से 12 नवंबर तक होगा। निष्पादित नोटिसों की जांच एवं पुनः जांच की प्रक्रिया 1 से 21 नवंबर तक पूरी की जाएगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों से संबंधित आवश्यक विवरण और मानचित्रों को ECINET पर अपडेट करने का कार्य 23 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। सभी दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 23 नवंबर तक करने के बाद अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आयोग की अनुमति संबंधी प्रक्रिया 24 से 29 नवंबर तक चलेगी और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को होगा।
722 मतदान केंद्रों पर मिलेगी मतदाताओं को सहायता
उपायुक्त ने बताया कि नाला और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्रों में अनमैप्ड मतदाताओं तथा तार्किक विसंगतियों वाले मतदाताओं की सुनवाई की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। 10 अक्टूबर को आयोजित मेगा हेल्प डेस्क कैंप में नोटिस प्राप्त मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी।
कैंप में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की चौथी बैठक और चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा। मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए प्रपत्र-8 तथा नए पात्र मतदाताओं, विशेषकर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं एवं प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 प्राप्त किए जाएंगे।
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों को बैठक में भाग लेने के लिए सूचित करने तथा कैंप को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 1.09 लाख से अधिक नोटिस जारी
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 5 अगस्त 2026 की मतदाता सूची के आधार पर जामताड़ा जिले में कुल 5,06,781 मतदाता दर्ज हैं। अब तक प्रपत्र-6 के कुल 12,535 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,09,765 नोटिस जारी किए गए हैं।
इनमें नाला विधानसभा क्षेत्र में 43,122 और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 66,643 नोटिस शामिल हैं। नाला विधानसभा क्षेत्र में अब तक 9,538 नोटिसों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 17,951 मामलों की सुनवाई पूरी की गई है। इस प्रकार जिले में कुल 27,489 नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया जारी है।
लंबित प्रमाण पत्रों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया। साथ ही, अंचल स्तर पर लंबित जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्रों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।









