कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों में 75 प्रतिशत तक की कमी, झारखंड के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों में 75 प्रतिशत तक की कमी, झारखंड के मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

 

जामताड़ा। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत दिलाने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने महत्वपूर्ण पहल की है। कैंसर की महंगी दवाओं की कीमतों में कमी के साथ राज्य में जांच और उपचार की सुविधाओं को मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकना चाहिए। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए कैंसर का इलाज बेहद महंगा साबित होता है। कई परिवार इलाज के लिए अपनी जमा पूंजी, जमीन और संपत्ति तक बेचने को मजबूर हो जाते हैं। एक चिकित्सक होने के नाते वह मरीजों की इस पीड़ा को समझते हैं और चाहते हैं कि आर्थिक परेशानी किसी के इलाज में बाधा नहीं बने।

 

भारत सरकार के औषधि विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन अधिकतम 30 प्रतिशत निर्धारित करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो चुकी है। इसके तहत विभिन्न कैंसर दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत में दवा के अनुसार कमी की जा रही है। कई दवाओं की कीमतों में 50 से 75 प्रतिशत तक की राहत संभव हुई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए झारखंड में इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए SOP तैयार करने और संबंधित अधिकारियों, अस्पतालों, दवा कंपनियों तथा विक्रेताओं को आवश्यक निर्देश देने की पहल की है, ताकि निर्धारित कीमतों का लाभ सीधे मरीजों तक पहुंचे।

 

दवाओं की कीमतों में कमी के उदाहरण देते हुए बताया गया कि PALBACE PRO (Palbociclib) की पहले बताई गई कीमत 41 हजार रुपये थी, जो नई बताई गई कीमत के अनुसार 2,700 रुपये तक हो सकती है। यह दवा विशेष प्रकार के स्तन कैंसर के उपचार में इस्तेमाल होती है। वहीं ABIROW (Abiraterone) की पहले बताई गई कीमत 45 हजार रुपये थी, जो नई बताई गई कीमत के अनुसार 4 हजार रुपये तक हो सकती है। इसका उपयोग प्रोस्टेट कैंसर के उपचार में किया जाता है। हालांकि, दवाओं की वास्तविक कीमत उनकी स्ट्रेंथ, पैक और संशोधित MRP के अनुसार निर्धारित होगी। कीमतों में यह कमी कैंसर मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक राहत साबित हो सकती है।

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि उन्होंने कैंसर की महंगी दवाओं का मुद्दा पहले भी भारत सरकार के समक्ष उठाया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उन्होंने झारखंड की आर्थिक स्थिति और गरीब मरीजों की परेशानियों से अवगत कराया था। उन्होंने कहा था कि राज्य में कैंसर की महंगी दवाएं गरीब परिवारों की पहुंच से बाहर हैं और दवाओं की अधिक कीमत मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालती है। ऐसे में कीमतों को नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार की नई व्यवस्था मरीजों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। अब राज्य में इसका सही तरीके से पालन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी भी मरीज से निर्धारित MRP से अधिक कीमत नहीं वसूली जाए।

 

कैंसर के उपचार और जांच व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना पर भी काम करने की बात कही है। इसके तहत सदर अस्पतालों में CT Scan और PET-Scan मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में पहल की जा रही है। साथ ही जिला स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, जिससे बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर मरीजों का उपचार समय पर शुरू किया जा सके।

 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि कैंसर की जांच के लिए गरीब मरीजों को रांची या दूसरे बड़े शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। जिला स्तर पर ही आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि बीमारी की पहचान पहले और इलाज तुरंत शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान होने से मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। राज्य के प्रत्येक जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

 

स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंसर स्क्रीनिंग को मजबूत करने, महिलाओं में स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच को बढ़ावा देने और अन्य प्रकार के कैंसर की समय पर पहचान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। जिला स्तर पर संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ अस्पतालों से जोड़ने तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर शीघ्र उपचार शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य के प्रत्येक नागरिक को उचित, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं चिकित्सक हैं और मरीजों की तकलीफ तथा उनके परिवारों की आर्थिक परेशानियों को समझते हैं। उनकी कोशिश है कि झारखंड में कोई भी व्यक्ति पैसे के अभाव में इलाज से वंचित नहीं रहे।

 

उन्होंने कहा कि कैंसर की दवाओं को सस्ता करने से लेकर जिला स्तर पर आधुनिक जांच सुविधाएं विकसित करने तक स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं को धरातल पर उतारकर मरीजों को उनका लाभ दिलाना है। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाकर राज्य को चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल करना सरकार का संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें